प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अगस्त को 7,715.59 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 75.71 किमी लंबी अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर)-2 और तीसरी रिंग रोड का उद्घाटन करेंगे। सिग्नल-मुक्त और तेज़ गति वाला यूईआर-2 सड़क सोनीपत को दिल्ली हवाई अड्डे तक केवल 45 मिनट में पहुंचाएगा, जिससे समय और ईंधन की बचत होगी। यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर के यातायात और आर्थिक विकास को नए आयाम देगी।
परियोजना का सबसे बड़ा लाभ सोनीपत को मिलेगा, जो अब औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र की ओर बढ़ रहा है। इस परियोजना में एनएच-344पी, एनएच-344एम और एनएच-344एन शामिल हैं, जो सोनीपत को दिल्ली, गुरुग्राम और अन्य महत्त्वपूर्ण शहरों से जोड़ेंगे।

बड़वासनी से बवाना तक 29.60 किलोमीटर सड़क पहले ही पूरी हो चुकी है, जिससे स्थानीय व्यापार और उद्योग को तेज़ी मिली है। पूरे कॉरिडोर के शुरू होते ही दिल्ली, गुरुग्राम व अन्य औद्योगिक केंद्रों तक पहुंच और सुगम हो जाएगी। स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट और मजबूत सुरक्षा मानकों के कारण यह मार्ग आधुनिक बुनियादी ढांचे का प्रतीक बन रहा है।
यूईआर-2 में 27 फ्लाईओवर, 2 रेलवे ओवरब्रिज, 11 अंडरपास, 17 सबवे, 27 ब्रिज, 31 बस-बे और 111 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड शामिल हैं। यह संरचना न केवल यातायात तेज करेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति देगी।
इस रोड के बनने से सोनीपत, दिल्ली, नॉएडा और गुरुग्राम में औद्योगिक और रियल एस्टेट क्षेत्र में नई ऊर्जा की संभावनाएं बन रही हैं. दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से निवेश, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और स्टार्टअप्स के अवसर बढ़ेंगे. साथ ही स्थानीय रोजगार में वृद्धि और शहरीकरण की गति तेज होगी.

भारी वाहनों के दिल्ली के भीतर प्रवेश की जरूरी घटने से प्रदूषण कम होगा और ईंधन व समय की बचत होगी. यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिहाज़ से भी महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी. यह लाभ सिर्फ दिल्ली और सोनीपत तक सीमित नहीं रहेगा—हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से आने वाले वाहन भी दिल्ली एयरपोर्ट, गुरुग्राम और जयपुर तक बिना रुकावट पहुंच सकेंगे।
तीसरी रिंग रोड के नाम से भी जाना जाने वाला ये यूईआर-II—अलीपुर से द्वारका, नजफगढ़ होते हुए महिपालपुर—अब पूरी तरह तैयार है. इससे रोज़ाना लगभग 2.5 लाख वाहनों के बोझ में कमी आएगी. सोनीपत, बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्र के लोग बिना ट्रैफिक जाम या सिग्नल के दिल्ली एयरपोर्ट और गुरुग्राम तक आसानी पहुंच सकेंगे. यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर के यातायात तंत्र को पुनर्गठित करने के साथ-साथ आर्थिक विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी नई दिशा देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रोहिणी में अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2 ) का उद्घाटन करेंगे। इसके मद्देनजर यह रास्ता वाहनों के लिए बंद रहेगा। इस कारण भगवान महावीर रोड, बवाना रोड, कंझावला रोड, कंझावला लिंक रोड और बादशाह दहिया मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि वह इन रास्तों से बचकर चलें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। आसपास रहने वाले लोग केएन काटजू मार्ग, रोहिणी जेल मार्ग आदि का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, रिंग रोड से रोहिणी की तरफ जाने वाले रास्तों पर सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक कॉमर्शियल वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।